
सोशल ऑडिट बैठक में प्रशासक सचिव समेत रोजगार सेवक नदारद
गोण्डा। हलधरमऊ विकासखण्ड की ग्राम पंचायत कस्तूरी के पंचायत भवन में बुधवार को आयोजित सोशल ऑडिट की बैठक जिम्मेदारों की गैरहाजिरी के कारण प्रभावित रही। निर्धारित समय पर ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन प्रशासक, पंचायत सचिव और रोजगार सेवक के मौजूद नहीं होने से उन्हें इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक जिम्मेदारों के नहीं पहुंचने पर ग्रामीण वापस लौट गए।
सोशल ऑडिट टीम के बीआरपी कैलाश ने बताया कि ग्रामीण बैठक में पहुंचे थे, लेकिन पंचायत के जिम्मेदार प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद नहीं थे। उनके इंतजार में ग्रामीणों को वापस लौटना पड़ा। बताया गया कि पंचायत सचिव भी ग्रामीणों के जाने के बाद पहुंचे।
टीम कोआर्डिनेटर सत्येंद्र दूबे ने बताया कि पंचायत सचिव जगजीत सिंह की ओर से सोशल ऑडिट टीम को कोई भी अभिलेख नहीं दिखाया गया। ऐसे में मनरेगा और अन्य विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों की जांच तथा ग्रामीणों के समक्ष कार्यों की जानकारी रखने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। जिम्मेदारों की अनुपस्थिति से यह प्रक्रिया औपचारिकता तक सिमट गई।


