
हुतात्मा दिवस पर बजरंग दल ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनों कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
कोठारी बंधुओं के बलिदान को किया याद, रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
बाराबंकी। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल की ओर से बुधवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान एवं रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बजरंग दल के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राम मंदिर आंदोलन के दौरान बलिदान देने वाले कोठारी बंधुओं को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बजरंग दल जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह के संयोजन में आयोजित शिविर में विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री अखिल, जिला सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख मोनू दास, बजरंग दल जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह, जिला सह मंत्री वीरेंद्र कुमार यादव, जिला गौरक्षा प्रमुख पवन पांडे, देवा प्रखंड सेवा प्रमुख रंजीत कश्यप, निंदूरा प्रखंड सेवा प्रमुख अमित तिवारी, रामनगर प्रखंड सुरक्षा प्रमुख विवेक वर्मा सहित एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया।
बजरंग दल की ओर से प्रतिवर्ष हुतात्मा दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। यह आयोजन राम मंदिर आंदोलन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले राम कोठारी और शरद कोठारी की स्मृति में किया जाता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने कहा कि राम कोठारी (22 वर्ष) और शरद कोठारी (20 वर्ष) ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में विवादित ढांचे के गुंबद पर चढ़कर भगवा ध्वज फहराया था। इसके बाद 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में हनुमानगढ़ी के पास हुई पुलिस गोलीबारी में दोनों भाइयों की मृत्यु हो गई थी। बजरंग दल प्रतिवर्ष उनके बलिदान को याद करते हुए विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. बीपी सिंह, रक्तदान जिला परामर्शदाता पंकज वर्मा एवं डॉ. अर्चना वर्मा ने रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, जिला मंत्री राहुल कुमार, बजरंग दल प्रांत कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख ब्रह्म प्रकाश दीक्षित, नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, जिला सहसंयोजक तुषार तिवारी, विनय वर्मा, प्रिंस वर्मा, जिला कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख अखिलेश राजपूत, सौरभ, रामसजीवन, राहुल वाल्मीकि, रोहन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा का संदेश देते हुए शिविर का समापन हुआ।


