
सुढ़ियामऊ (बाराबंकी)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सुढ़ियामऊ में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण के बीच भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, देशभक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भगत सिंह, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई, राधा-कृष्ण एवं भारतीय सेना से संबंधित मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान, भारतीय संस्कृति तथा देश की सुरक्षा में सेना के योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। झांकियों को देखने के लिए मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक एवं समाजसेवी विनय वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में कार्य करने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य हिमांशु सिंह राठौर ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की आजादी वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्रहित को जीवन में अपनाने की अपील की।
वाइस प्रिंसिपल विनोद सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और झांकियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं प्रबंधक प्रशांत सिंह राठौर ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम में पुलिस टीम से प्रतीक सिंह, सुनील कटियार, योगेंद्र सिंह, हिमांशु राजपूत, आकर्ष तिवारी एवं अंशु शर्मा सहित विद्यालय के संचालक निर्भय सिंह, आशा वर्मा, पिंकल वर्मा, पार्वती मिश्रा, प्रिय शुक्ला, अंशिका, काजल, निधि, अंशी, गीता, लक्ष्मी यादव, लक्ष्मी कनोजिया, रमा सिंह, नागेंद्र सिंह, रवि सिंह, सुशील सिंह, अजय सिंह, अन्नू सिंह, अमर सिंह सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
सुढ़ियामऊ में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति झांकियों ने मोहा मन
- Surya Jagran News24
- No Comments
-
Post Views: 94


