

करनैलगंज। करनैलगंज-अयोध्या मार्ग पर चकरौत बाजार के पास पिछले करीब 5-6 वर्षों से गंभीर पीड़ा झेल रहे एक सांड का आखिरकार रेस्क्यू कर लिया गया। सांड की हालत इतनी गंभीर थी कि उसके गुप्तांग के आसपास संक्रमण और सड़न के कारण बड़ा ट्यूमर विकसित हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्यूमर का वजन करीब 8-10 किलोग्राम बताया गया।
लंबे समय से दर्द में रहने के कारण सांड अक्सर सड़क पर भटकता और पीड़ा से चिल्लाता था। गंभीर अवस्था के चलते वह काफी आक्रामक भी हो गया था।
सांड की दयनीय स्थिति देखकर चकरौत बाजार निवासी सत्यम तिवारी और चंदन कुमार ने करनैलगंज क्षेत्र में बीमार एवं घायल गोवंश के उपचार एवं सेवा में जुटे श्री सिया जू कामधेनु गौ सेवा धाम से संपर्क किया। यह संस्था श्री मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज के शिष्यों द्वारा संचालित बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कनक बिहारी दास और विशाल कौशल ने सत्यम तिवारी एवं चंदन कुमार के साथ मिलकर सांड को रेस्क्यू करने का प्रयास शुरू किया। बताया गया कि करीब 36 घंटे तक दिन-रात लगातार प्रयास करने के बाद सांड को सुरक्षित रूप से काबू में लिया जा सका। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की सहायता से उसे बेहोशी का इंजेक्शन देकर नियंत्रित किया गया।
रेस्क्यू के बाद चिकित्सकों ने सांड की हालत बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर उसका समुचित उपचार संभव नहीं है। उसकी जान बचाने के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले केंद्र पर ले जाना जरूरी है।
इसके बाद सत्यम तिवारी और विशाल कौशल ने हरियाणा की संस्था गोकुल गोधाम महातीर्थ से संपर्क कर सांड की पूरी स्थिति से अवगत कराया। संस्था की ओर से हरियाणा के झज्जर क्षेत्र से एंबुलेंस भेजी गई, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल सांड को बेहतर उपचार के लिए हरियाणा रवाना किया गया।
सांड के रेस्क्यू और उपचार के लिए किए गए इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की। इस अभियान में कनक बिहारी दास, विशाल कौशल, सत्यम तिवारी, चंदन कुमार एवं उनके सहयोगियों के प्रयासों की लोगों ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष अरमान पुरवार, संजीव मोदनवाल एवं संतोष पांडे ने रेस्क्यू अभियान से जुड़े लोगों को सम्मानित कर उनके सेवा कार्य की सराहना की।
सूर्या जागरण न्यूज 24 — जनपद की आवाज
पीड़ा में वर्षों से तड़प रहे सांड का हुआ रेस्क्यू, बेहतर इलाज के लिए हरियाणा रवाना
- Surya Jagran News24
- No Comments
-
Post Views: 197


