
सूरतगंज (बाराबंकी)। सुढ़ियामऊ कस्बे से सूरतगंज जाने वाले मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी और कूड़े के ढेर स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गए हैं। सड़क किनारे जगह-जगह जमा कचरे से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं, कर्मचारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। सड़क किनारे फैले कूड़े और बदबू के बीच से गुजरना लोगों की मजबूरी बन गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण कूड़े के ढेर लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर सड़क किनारे जमा कूड़ा हटाने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सुढ़ियामऊ–सूरतगंज मार्ग को स्वच्छ, सुरक्षित और दुर्गंध मुक्त बनाने की अपील की है। रिपोर्ट: विनय कुमार वर्मा सूर्या जागरण न्यूज 24








