बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, बाराबंकी में शुक्रवार को भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिमी मोर्चा), अवध क्षेत्र, उत्तर प्रदेश एवं केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड के चेयरमैन राकेश पटेल और समाजसेवी विनय वर्मा के बीच शिष्टाचार भेंट हुई। इस दौरान क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों, भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राकेश पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को निरंतर गति दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समाजसेवी विनय वर्मा ने क्षेत्र में भ्रष्टाचार से जुड़े विभिन्न विषयों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे तथा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। इस पर राकेश पटेल ने जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित सभी लोगों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री बृजेश रावत, अम्बरीष वर्मा, विवेक वर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








